भगवान भरोसे विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय ओड़गी
ओड़गी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय ओड़गी में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सेवानिवृत्त शिक्षक विजय कुमार गुप्ता (पूर्व पदस्थ, प्राथमिक शाला पाल केवरा) ने गंभीर आरोप लगाते हुए कार्यालय के समक्ष शीघ्र ही भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा की है।
सेवानिवृत्त शिक्षक द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त होने के बावजूद उन्हें काफी कठिनाइयों और भागदौड़ के बाद केवल ग्रेच्युटी की राशि अप्रैल 2026 में प्राप्त हो सकी। उनके अन्य सेवानिवृत्ति संबंधी समस्त देयों का अब तक भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया है। साथ ही वर्ष 2016 से लंबित इंक्रीमेंट एरियर राशि का भुगतान भी आज तक नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिला कोरिया निवासी होने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण वे प्रत्येक सप्ताह विभागीय कार्यालय के चक्कर लगाने में असमर्थ हैं। अकेले होने के कारण उनकी समस्याओं पर विभाग द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
इन परिस्थितियों से विवश होकर सेवानिवृत्त शिक्षक ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र उनके लंबित भुगतान नहीं किए गए, तो वे विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय ओड़गी के समक्ष भूख हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विभाग की होगी। उक्त प्रकरण पर प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के उप प्रांताध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने गहरी आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय उनके समस्त स्वत्वों का भुगतान किया जाना चाहिए। इसके बावजूद विकासखंड शिक्षा कार्यालय ओड़गी, जिला सूरजपुर द्वारा इस प्रकार की लापरवाही बरतना न केवल घोर प्रशासनिक उदासीनता है, बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारी के साथ स्पष्ट अन्याय भी है।
उन्होंने जिला प्रशासन सूरजपुर से प्रकरण का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने, लंबित भुगतान तत्काल कराने तथा इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।