सरकारी संपत्तियों का निजीकरण कर रही मोदी सरकार- अंबिका
सरकारी संपत्तियों का निजीकरण कर रही मोदी सरकार- अंबिका
♦
कांग्रेस ने शहर में निकाली रैली
बैकुण्ठपुर। कांग्रेस की प्रत्याशी श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत के पक्ष में कांग्रेस के प्रतिनिधिगण गांव-गांव में जनसंपर्क के माध्यम से प्रचार कर रहे हैं, साथ ही साथ बैकुंठपुर के पूर्व विधायक श्रीमती अंबिका सिंहदेव भी जगह-जगह आमसभा को संबोधित कर रही हैं। बैकुंठपुर में आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद जिस तरह से सरकारी संपत्तियों का निजीकरण कर रही है, आने वाले समय में सरकार नहीं बदली तो इसका नुकसान सभी लोगों को होगा। बीजेपी की सरकार हर तरफ से नागरिकों को कमजोर करने की नीति अपना रही है। कांग्रेस के पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस का एक लंबा इतिहास रहा है, कांग्रेस ने गरीब आदिवासियों के आरक्षण को सुरक्षित करने का काम किया है, भारतीय जनता पार्टी ने 370 हटा दिया है, लेकिन 370 में केवल एक धारा को समाप्त किया गया है। ये लोग कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 सालों में कुछ नहीं किया, हम कहते हैं कि आप आजाद कैसे हो गए। ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि मोदी सरकार झूठ बोलकर सत्ता में आई है, विपक्ष के घरों में ईडीएआईडी और सीबीआई को भेजकर विपक्षी पार्टी को डराया और धमकाया जा रहा है, जब कोई नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाता है। कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने गैस का दाम बहुत अधिक बढ़ा दिया है, गैस सिलेंडर का भाव आसमान छू रहा है, महंगाई चरम सीमा पर है। आमसभा के पहले कांग्रेसियों ने शहर में रैली निकाली। आमसभा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक श्रीमती अंबिका सिंहदेव, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, सरपंच लक्ष्मी सिंह, रियाजुद्दीन, दीपक गुप्ता, अनिल जायसवाल, ईश्वर सिंह, नजीर अजहर, वाहिद खान, संगीता राजवाड़े, सौरभ गुप्ता सहित काफी संख्या कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
*मोदी सरकार को जनता माफ नहीं करेगी- प्रदीप*
कांग्रेस कोरिया जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि अबकी बार मोदी सरकार को जनता कभी भी माफ नहीं करेगी। श्री गुप्ता ने कहा कि एक तरफ कुशासन की सरकार है और एक तरफ जनता जर्नादन की हितैषी कांग्रेस सरकार है, आपको तय करना है कि आप किसकी सरकार को चुनेंगे।
