रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री श्री साय ने जिले की बहनों को दी बड़ी सौगात’*

0
Spread the love

*’रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री श्री साय ने जिले की बहनों को दी बड़ी सौगात’*

*’महतारी वंदन योजना की 31वीं किश्त से 57 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंची 5 करोड़ 44 लाख रुपये से अधिक की राशि’*

*’विष्णु भैया ने निभाया वादा, रक्षाबंधन से पहले राशि मिलने से बहनों के चेहरों पर आई खुशी’*

*’कोरिया/’* रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने मंगलवार को बालोद जिले के डौंडीलोहारा में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में महतारी वंदन योजना की 31वीं किश्त की राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि का अंतरण किया।

*’कोरिया जिले के हितग्राहियों को भी मिला लाभ’*
महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इसका सीधा लाभ कोरिया जिले की 57 हजार 579 महिला हितग्राहियों को भी मिला। जिले की महिलाओं के खातों में 5 करोड़ 44 लाख 88 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई।योजना प्रारंभ होने से अब तक कोरिया जिले में औसतन 59 हजार 206 हितग्राहियों को लाभ मिला है। जिले में अब तक कुल 1 अरब 67 करोड़ 59 लाख 75 हजार 400 रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है।

*’बहनों में खुशियां, भैया के प्रति आभार’*
रक्षाबंधन से पहले राशि मिलने से जिले की महिलाओं में खुशी का माहौल है। जिले के हितग्राही महिलाओं श्रीमती उर्मिला राजवाड़े, श्रीमती सावित्री यादव व श्रीमती चंदापुरी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना से उन्हें हर माह आर्थिक संबल मिल रहा है और त्योहार के अवसर पर यह राशि उनके लिए विशेष खुशी लेकर आई है।

*’हर माह मिल रही आर्थिक मजबूती’*
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के माध्यम से महिलाओं को घरेलू जरूरतों, बच्चों की आवश्यकताओं तथा अन्य छोटे खर्चों के लिए आर्थिक सहयोग मिल रहा है। नियमित रूप से मिलने वाली राशि महिलाओं के आर्थिक आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ ही उन्हें परिवार में अपनी आवश्यकताओं के लिए अधिक आत्मनिर्भर बना रही है।

*’आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल-कलेक्टर श्रीमती यादव’*
कोरिया कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देना, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार करना तथा परिवार में उनकी निर्णायक भूमिका को सुदृढ़ करना है। साथ ही समाज में महिलाओं के प्रति भेदभाव, असमानता और जागरूकता की कमी को दूर करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना योजना का प्रमुख उद्देश्य है, इस योजना का लाभ निश्चित ही जिले के पात्र हितग्राहियों को मिल रही है।

*’31 अगस्त तक ई-केवाईसी का अवसर’*
महतारी वंदन योजना के तहत 944 हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण नहीं हुई है, वे अपने संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता अथवा पर्यवेक्षक से संपर्क कर 31 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी करा सकती हैं। इससे योजना की राशि का भुगतान निर्बाध रूप से सुनिश्चित करने में सुविधा होगी।

हितग्राही योजना से संबंधित भुगतान एवं अन्य जानकारी महतारी वंदन योजना के अधिकृत पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं। मोबाइल ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *